बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक युवती के साथ सरेआम मारपीट की घटना सामने आने से शहर में सनसनी फैल गई है। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के बाहर उसके ही पूर्व परिचित युवक ने लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी युवती बिलासपुर में हॉस्टल में रहकर एलएलबी फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही है। 31 मार्च को वह अपने एक परिचित युवक के साथ सरकंडा इलाके के एक होटल में ठहरी हुई थी। इसी दौरान सुबह उसका पूर्व परिचित विवेक खटिक होटल पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही युवती कमरे से बाहर निकली, आरोपी ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने युवती पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे और किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल में रुकने को लेकर हुए विवाद के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। मारपीट की पूरी घटना CCTV में रिकॉर्ड हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
