बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / रतनपुर की सड़कों पर खुलेआम ‘खौफ का खेल’ खेल रहे दो बदमाशों का आखिरकार पुलिस ने अंत कर दिया। मेन रोड पर चाकू और कट्टा लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले इन आरोपियों की हरकतों से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
पुलिस को सूचना मिली कि रानीगांव मेन रोड पर दो युवक हथियारों के साथ उत्पात मचा रहे हैं, तुरंत एक्शन मोड में आई पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। चारों ओर से घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को धर दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नबीदाद खान (42) और दीशू कोरी (23) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से एक धारदार चाकू, कट्टा नुमा हथियार और घटना में इस्तेमाल की जा रही कार बरामद की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी राह चलते लोगों को रोककर हथियार दिखाते और धमकाते थे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया था। लोग सहमे हुए थे और कोई भी उनके सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे बदमाशों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

