रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले की लैलूंगा पुलिस ने साप्ताहिक बाजारों और ग्रामीण मेलों में महिलाओं एवं ग्रामीणों को निशाना बनाकर झपटमारी और पाकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से झपटमारी में लूटी गई सोने की चैन, घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन सहित लगभग 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
मामला 13 जून का है, जब लैलूंगा निवासी 67 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चैन झपट ली और मौके से भागने का प्रयास किया। घटना के समय उन्हें कुछ महिलाएं संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी थीं।
बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग और रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के सभी साप्ताहिक बाजारों में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसी व्यवस्था के तहत बाजार में मौजूद महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से एक महिला संदिग्ध मंगरीता गिरी को मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गिरोह के सदस्य दीपक गिरी को भी हिरासत में लिया। दोनों से सघन पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से अपने परिवार की अन्य महिला सदस्यों के साथ इको वाहन क्रमांक CG 30 J 8035 में लैलूंगा पहुंचे थे और संगठित तरीके से बाजारों एवं मेलों में झपटमारी और पाकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद गिरोह के अन्य सदस्य जशपुर जिले में अपने परिचितों के यहां छिप गए थे। इसके बाद रायगढ़ पुलिस ने जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर पुलिस के सहयोग से देर रात दबिश देकर गिरोह की अन्य महिला सदस्य रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी और उर्मिला गिरी को भी हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़िता की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन एवं लॉकेट, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है, घटना में प्रयुक्त इको वाहन जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये है तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल मिलाकर लगभग 7 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
---------------------------
