कोरबा। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में यातायात विभाग में पदस्थ एएसआई रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे उर्फ दादू की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तकनीकी विश्लेषण और 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 6-7 जून की दरम्यानी रात मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बायपास रोड पर रास्ता देने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद बोलेरो सवार युवकों ने चंद्रमणि रात्रे पर वाहन चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छह दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसकी मृत्यु हो गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी राजेन्द्र साहू ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी उसी रात बलगी क्षेत्र में हुई डकैती और मारपीट की एक अन्य घटना में भी शामिल था। आरोप है कि चंद्रमणि का पीछा कर रहे उसके मित्र अरविंद राठौर के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर नकदी और जेवर लूट लिए थे।
फिलहाल पुलिस इस पूरे घटनाक्रम में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
