कोरबा। TODAY छत्तीसगढ़ / कोरबा जिले में भाजपा के पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिवबालक सिंह तोमर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में गंभीर रूप से घायल तोमर का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। शिवबालक सिंह तोमर अपने भतीजे से मुलाकात करने जिला जेल गए थे। जेल के रास्ते में उनकी मुलाकात जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली से हुई। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रज्जाक अली और उसके तीन साथियों ने मिलकर तोमर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने रॉड, डंडे और बेसबॉल स्टिक से उनके पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एक आरोपी तलवार लेकर भी पहुंचा था। हमले में गंभीर रूप से घायल तोमर को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद भाजपा नेताओं में नाराजगी देखी गई। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कई भाजपा नेता अस्पताल पहुंचकर घायल तोमर का हालचाल लिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं गिरफ्तार जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली ने अपने बचाव में कहा है कि मामला महिलाओं से जुड़े कथित दुर्व्यवहार से संबंधित है और वह इस मुद्दे पर चुप नहीं रह सकता था। पुलिस उसके इस दावे की भी जांच कर रही है।
