Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

‘पहल’ से बदलेगी तस्वीर: पुलिस और समाज के बीच विश्वास का नया अध्याय

"अब पुलिस सिर्फ कानून नहीं संभालेगी, सपने भी संवारेंगी! राजनांदगांव पुलिस की ‘पहल’ से युवाओं को मिलेगा रीडिंग रूम, फ्री कोचिंग और मेंटरशिप का साथ।"

राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़  /  पुलिस और समाज के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने एसपी सुश्री अंकिता शर्मा के नेतृत्व में अभिनव जन-केंद्रित अभियान “पहल” का शुभारंभ किया। पुलिस लाइन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर शिक्षा, सामुदायिक विकास और सामाजिक परिवर्तन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में लगभग 2600 लोगों ने भाग लिया, जिनमें कोटवार, ग्रामवासी, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थी, यातायात मित्र और गुड समैरिटन्स शामिल रहे। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए शांत और सुरक्षित अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने हेतु “पहल रीडिंग रूम” शुरू किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाना और उन्हें अपने क्षेत्र का सकारात्मक रोल मॉडल बनाना है।

वर्ष 2024, 2025 और 2026 में अपराधमुक्त रहे 164 गांवों के सम्मान में पुलिस लाइन एवं थाना परिसरों में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। ग्रामीण सूचना तंत्र को मजबूत बनाने तथा पुलिस-जन संवाद को बेहतर करने के लिए कोटवार सम्मेलन और अपराधमुक्त ग्रामों के सरपंचों एवं प्रतिनिधियों का विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया। 

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरक सत्र, पुस्तक वितरण और कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए। चिखली, लाखोली, डोंगरगढ़, छुरिया और अन्य क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विशेष रूप से जोड़ा गया। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले 111 गुड समैरिटन्स और 500 से अधिक यातायात मित्रों को सम्मानित किया गया।

🆕 नई पहलें 

✅ ‘पहल’ निःशुल्क कोचिंग संस्थान — पुलिस लाइन में प्रतिदिन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फ्री कोचिंग।

✅ ‘पहल’ मेंटरशिप कार्यक्रम — पुलिस अधिकारी विद्यार्थियों के मेंटर बनकर मार्गदर्शन और प्रेरणा देंगे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com