Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ATM गेट तोड़ने वाले युवकों पर केस दर्ज, एसडीएम कोर्ट में पेश

भिलाई में एटीएम पर हमला, 24 घंटे में आरोपियों की पहचान

भिलाई। TODAY छत्तीसगढ़  /  नंदनी रोड स्थित केनरा बैंक एटीएम के गेट में तोड़फोड़ करने वाले दो युवकों की पहचान कर छावनी पुलिस ने उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस ने पूछताछ में दोनों से घटना कबूल कराई। इसके बाद मामला दर्ज कर उन्हें प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

13 जून को केनरा बैंक एटीएम, बेदी कॉम्प्लेक्स नंदनी रोड भिलाई के गेट में तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज होने के बाद थाना छावनी पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर दो संदिग्ध युवकों की पहचान की गई।

पुलिस पूछताछ में शिवम कुमार (19) और रितिक कुमार सिंह (19) ने एटीएम गेट में तोड़फोड़ करना स्वीकार कर लिया। जांच में अपराध सिद्ध पाए जाने पर उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 388/2026 के तहत धारा 324(4) बीएनएस में कार्रवाई की गई।

चूंकि अपराध जमानतीय प्रकृति का था, इसलिए दोनों आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। साथ ही भविष्य में कानून-व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com