भिलाई नगर । TODAY छत्तीसगढ़ / सुपेला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां लगातार पैसों की मांग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज मामले में स्मृति नगर चौकी पुलिस ने फरार महिला आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 28 मार्च 2026 की है। हाउसिंग बोर्ड कोहका निवासी मोहन रामटेके (42 वर्ष) अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए थे। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का लगा, लेकिन मर्ग जांच में जो खुलासा हुआ, उसने पूरे इलाके को झकझोर दिया।
जांच में सामने आया कि मृतक को कुछ लोग लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोपी लगातार उससे 1 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। इतना ही नहीं, वे फोन पर धमकियां देने के साथ-साथ घर पहुंचकर भी दबाव बना रहे थे। इसी उत्पीड़न से टूटकर मोहन रामटेके ने आखिरकार आत्मघाती कदम उठा लिया।
फरार आरोपिया चढ़ी पुलिस के हत्थे
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया था। मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपिया सोनिया गोस्वामी फरार थी। स्मृति नगर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दबिश दी और आरोपिया को उसके गृह ग्राम जेवरासिरसा (थाना पुलगांव) से गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल साक्ष्य और दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
