रायपुर । TODAY छत्तीसगढ़ / भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर सोमवार को छत्तीसगढ़ में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पार्टी ध्वज फहराकर कार्यक्रमों की शुरुआत की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भाजपा के संस्थापक पुरोधाओं की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा किसी एक परिवार, जाति या वर्ग की पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र को जोड़ने वाला एक सशक्त संगठन है। उन्होंने भारत को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यह लक्ष्य कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ और समर्पण से ही संभव है। सीएम साय ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर देशभर में भाजपा कार्यकर्ता सेवा और समर्पण के कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन की सेवा में जुटे हुए हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, रंजना साहू, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, श्यामबिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
🟠 जगदलपुर में भी दिखा जोश
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने जगदलपुर स्थित जिला कार्यालय में ध्वजारोहण कर कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता मेहनती और निष्ठावान है, और इन्हीं के परिश्रम से आज पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनी है। प्रदेशभर के जिला कार्यालयों में ध्वजारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली।
