शराब पार्टी: हंगामा है क्यूँ बरपा ... पत्रकार कालोनी से लड़के लड़किया गिरफ्तार


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  / थाना सरकंडा क्षेत्र में देर रात शराब के नशे में पार्टी कर हंगामा मचा रहे युवकों पर बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से पांच युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने पर तीन वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर की रात सूचना मिली थी कि पत्रकार कॉलोनी, सरकंडा में कुछ युवक-युवतियां पार्टी कर तेज आवाज में हल्ला-गुल्ला कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में अशांति का माहौल बन रहा है। सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। पुलिस ने एक मकान में पांच युवक और दो युवतियों को शराब पार्टी करते हुए पाया। 

पूछताछ में युवकों ने अपने नाम आदित्य वस्त्रकार, लक्की देवांगन, आशीष साहू, वंश देवांगन और विपुल दुबे बताए। ब्रीथ एनालाइजर से जांच करने पर सभी के शराब सेवन की पुष्टि हुई। मौके पर मिले तीन वाहनों क्रमांक CG 10 CA 5111, CG 10 BW 6685 और CG 10 BH 8007 पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने पांचों युवकों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए युवक-युवतियों को समझाइश दी और उनके परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नड्डा के बयान पर कांग्रेस का तीखा ऐतराज, झीरम शहीदों का अपमान बताया


रायपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के झीरम घाटी कांड को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि नड्डा का बयान झीरम शहीदों का अपमान है और उनके परिजनों के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए शुक्ला ने कहा कि नड्डा का बयान बेहद आपत्तिजनक और स्तरहीन है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि एनआईए नड्डा से पूछताछ करे कि उन्होंने यह बयान किस आधार पर दिया है और उनके पास इसके क्या सबूत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नड्डा ने केवल राजनीतिक उद्देश्य से बयानबाजी की है और इसके लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही कांग्रेस ने भाजपा से नड्डा पर कार्रवाई की मांग की है।

शुक्ला ने कहा कि झीरम घाटी कांड में कांग्रेस ने अपने शीर्ष नेताओं की पूरी एक पीढ़ी को खोया है। उस समय राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी और केंद्र में भी पिछले बारह वर्षों से भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद एनआईए अब तक झीरम हमले के दोषियों तक क्यों नहीं पहुंच पाई, यह गंभीर सवाल है।

उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह से एनआईए ने पूछताछ क्यों नहीं की। कांग्रेस ने मांग की कि रमन सिंह का नार्को टेस्ट कराया जाए, जिससे झीरम घाटी कांड का पूरा सच सामने आ सके। शुक्ला ने कहा कि झीरम घाटी कांड स्वतंत्र भारत की सबसे हृदयविदारक घटनाओं में से एक है, जो भाजपा शासनकाल में घटित हुई। कांग्रेस का आरोप है कि दोषियों को सजा से बचाने के लिए भाजपा लगातार षड्यंत्र करती रही है।

Chhattisgarh: घाघरा पुलिस कैंप में जवान ने साथी को मारी गोली, मौत


राजनांदगांव। 
TODAY छत्तीसगढ़  / खैरागढ़ जिले के घाघरा पुलिस कैंप में रविवार देर रात छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (सीएएफ) के एक आरक्षक ने अपने ही साथी जवान को गोली मार दी। घटना में जवान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक और आरोपी दोनों उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, गातापार थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघरा पुलिस कैंप में पदस्थ सीएएफ के जवान सोनबीर जाट को उसी कैंप में तैनात आरक्षक अरविंद गौतम ने इंसास राइफल से गोली मार दी। गोली लगते ही सोनबीर जाट की मौके पर मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि दोनों जवान कवर्धा स्थित 17वीं बटालियन की कंपनी में पदस्थ थे और आपस में अच्छे संबंध भी थे। कुछ दिन पहले छुट्टी में साथ घर जाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान हुए झगड़े में मृतक ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था, जिससे वह नाराज चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने देर रात मौका पाकर वारदात को अंजाम दे दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। खैरागढ़ एएसपी नितेश गौतम ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं राजनांदगांव रेंज आईजी अभिषेक शांडिल्य ने घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा कैंपों में जवानों के बीच बढ़ते तनाव और अनुशासन से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

खेल महोत्सव का समापन, सांसद कला महोत्सव शुरू करने तोखन ने किया ऐलान


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने आज स्थानीय बहतराई खेल स्टेडियम में आयोजित समारोह में सांसद खेल महोत्सव का रंगारंग समापन किया। उन्होंने पहली बार आयोजित सांसद खेल महोत्सव की सफलता से उत्साहित होकर इसी तर्ज पर सांसद कला महोत्सव जल्द शुरू करने की घोषणा की। लगभग डेढ़ महीने तक चले इस महोत्सव में बिलासपुर एवं मुंगेली जिले की ग्राम पंचायत से जनपद एवं जिला स्तर पर 12 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। फाइनल प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र और नगद राशि देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक बेलतरा श्री सुशांत शुक्ला ने की। 

     इस मौके पर तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। यह तभी संभव होगा जब हर आदमी स्वस्थ एवं फिट रहे। इसके लिए हर आदमी को अपनी रूचि के अनुरूप कोई न कोई खेल में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में स्थानीय स्तर पर प्रचलित खेलों को शामिल किया गया ताकि अधिकाधिक लोग इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखार सकें। कबड्डी,खो-खो, रस्साकसी, नीबू दौड़, बोरा दौड़ जैसे एक दर्जन खेल प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया। इन खेलों को हमें भूलना नहीं है। उन्होंने कहा भविष्य में सांसद खेल महोत्सव का दायरा और बढ़ाकर व्यापक रूप में आयोजित किया जायेगा। श्री साहू ने बताया कि आगामी 25 दिसम्बर को माननीय प्रधानमंत्री सांसद खेल महोत्सव में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को वचुअल सम्बोधित करेंगे।  

      कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री  की मंशा के अनुरूप सांसद खेल महोत्सव आयोजित किये गए। मैं स्वयं ग्रामीण स्तर के कई आयोजन में शामिल हुआ। खेल के प्रति लोगों में अपार उत्साह देखा गया। एक प्रकार से हमारी प्राचीन और परम्परागत खेलों को एक बार फिर मंच मिल पाया है। खेलों से हमारी एकाग्रता और सामूहिकता की भावना बढ़ती है। 

फाइनल प्रतियोगिता के परिणाम -

कबड्डी बालक वर्ग में प्रथम स्थान मुंगेली, द्वितीय पथरिया, तृतीय बिल्हा, कबड्डी बालिका वर्ग में प्रथम स्थान मस्तुरी, द्वितीय पथरिया, तृतीय स्थान बिल्हा, रस्साकसी पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान मस्तुरी, द्वितीय तखतपुर, तृतीय बिल्हा, रस्साकसी महिला वर्ग में प्रथम स्थान तखतपुर, द्वितीय बिल्हा, तृतीय पथरिया, फुटबॉल के पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान कोटा, द्वितीय कोटा नगर पंचायत, तृतीय बिल्हा, फुटबॉल महिला वर्ग में प्रथम स्थान बिल्हा, द्वितीय कोटा, वॉलीबॉल पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान तखतपुर, द्वितीय मस्तुरी, तृतीय लोरमी, वॉलीबॉल महिला वर्ग में प्रथम स्थान मस्तुरी, द्वितीय कोटा, तृतीय लोरमी, 100×4 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान नगर पालिक निगम बिलासपुर, द्वितीय कोटा एवं तृतीय स्थान लोरमी को मिला। चैम्पियन ट्रॉफी में प्रथम एवं द्वितीय स्थान जनपद पंचायत कोटा को दिया गया। बिलासपुर जिले की मस्तुरी, बिल्हा, तखतपुर, कोटा एवं मुंगेली जिले की लोरमी, पथरिया एवं मुंगेली जिले के 12 हजार से ज्यादा खिलाड़ी प्रतियोगिता में शािमल हुए। कबड़डी, 4 सौ मीटर दौड़, बोरा दौड़, पैदल दौड़, रस्साकशी, 100 मीटर रिले दौड़, फूटबाल, नीबू दौड़, लगोरी, बालीबाल और तीरंदाजी प्रतियोगिता महोत्सव में शामिल थे। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल के मार्गदर्शन में खेल अधिकारी ए एक्का,बिल्हा सीईओ कुमार लहरे, मस्तुरी सीईओ जेआर भगत, कोटा सीईओ युवराज सिन्हा, तखतपुर सीईओ श्री तिवारी एवं पूरी टीम का सक्रिय योगदान रहा है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com