Chhattisgarh: कवरेज के दौरान पत्रकार से मारपीट का आरोप, कार्रवाई की मांग तेज

अम्बिकापुर ।  TODAY छत्तीसगढ़  /   कवरेज के दौरान एक पत्रकार के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद पत्रकारों और स्थानीय लोगों ने नाराज़गी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल में निगम की कार्रवाई के दौरान विवाद हुआ, जहां कमर्शियल अनुमति के बावजूद बिल्डिंग परमिशन से अधिक निर्माण का आरोप था। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात होने के बावजूद पत्रकार के साथ मारपीट की घटना हुई, जिससे पत्रकार समुदाय में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, पत्रकार सुशील बखला कवरेज के लिए मौके पर मौजूद थे, इसी दौरान उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय पुलिस भी मौके पर मौजूद थी, जिसके कारण मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। इस घटना को लेकर पत्रकारों ने कहा है कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं होंगे, तो निष्पक्ष रिपोर्टिंग प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर चर्चा तेज है और पत्रकार संगठनों ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। पत्रकारों का कहना है कि ऐसी घटनाएं न केवल मीडिया की स्वतंत्रता पर सवाल उठाती हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता पैदा करती हैं। वहीं, अब इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। 


मुख्यमंत्री ने पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव से की सौजन्य मुलाकात, खेल विकास पर हुई चर्चा

रायपुर ।  TODAY छत्तीसगढ़  /   मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और देश के महान क्रिकेटर कपिल देव से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बेल मेटल से निर्मित आकर्षक प्रतिमा और ‘पुण्यभूमि छत्तीसगढ़’ कॉफी टेबल बुक भेंट कर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीकात्मक सम्मान किया।

मुख्यमंत्री ने माता कौशल्या की पावन भूमि छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत करते हुए कहा कि राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुलाकात के दौरान प्रदेश में खेल अधोसंरचना के आधुनिकीकरण, खेल सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान खेलों के माध्यम से युवाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी सहमति जताई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। वहीं कपिल देव ने भी प्रदेश में खेल विकास की संभावनाओं पर सकारात्मक विचार व्यक्त किए। 

थार में चाकू लहराते घूम रहे तीन युवक गिरफ्तार, पुलिस ने टाली अनहोनी


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /   जिले के सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक थार वाहन में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये युवक नशे की हालत में वाहन चला रहे थे और उनके पास धारदार चाकू भी थे।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 25 फरवरी की है, जब उन्हें सूचना मिली कि थार वाहन (CG10 BW 6664) में सवार तीन युवक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए दुर्घटना कर वहां से निकल गए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस ने बताया कि आसमा सिटी फेस-2, मेन्ड्रा रोड के पास संदिग्ध वाहन को रोका गया। इस दौरान वाहन में सवार युवक कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस का कहना है कि उनके हाथों में धारदार चाकू थे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान ईशांत सिंह मण्डलोई (24 वर्ष), शैलेन्द्र सिंह (33 वर्ष) और राहुल तिवारी (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से वाहन और तीन चाकू जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

--------------------------------

फरार आरोपियों की सूचना देने पर 5 हजार रुपये का इनाम, एसएसपी का ऐलान

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा थाना मस्तूरी एवं थाना चकरभाठा में दर्ज प्रकरणों के फरार आरोपियों की सूचना देने वालों के लिए 5 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है। थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर में दर्ज अपराध आर्म्स एक्ट के प्रकरण में फरार आरोपी नागेन्द्र राय पिता स्व. चन्द्रिका प्रसाद राय, उम्र 60 वर्ष, निवासी लालखदान तोरवा एवं टाकेश्वर पाटले पिता ईश्वरी प्रसाद पाटले, उम्र 50 वर्ष, निवासी लिमतरा मस्तूरी की गिरफ्तारी हेतु सूचना देने वाले व्यक्ति को पुरस्कृत किया जाएगा। इसी प्रकार थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर में दर्ज अपराध के प्रकरण में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपहरण कर फरार अज्ञात आरोपी के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति को भी 5 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जायेगा तथा पुरस्कार वितरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर का निर्णय अंतिम होगा।  

    इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर 07752-223330, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण बिलासपुर 07752-223193, मो.नं. 94791-93003, पुलिस नियंत्रण कक्ष, बिलासपुर 07752-228504, मो.नं. 94791-93099, थाना प्रभारी मस्तूरी मो.नं. 9479193040 एवं थाना प्रभारी चकरभाठा मो.नं. 9479193041 पर संपर्क किया जा सकता है।   

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com