Slider

केंद्रीय दल ने परखी फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की जमीनी हकीकत, व्यवस्थाओं की सराहना

एमडीए अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्रों और गांवों का किया निरीक्षण

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में संचालित सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का निरीक्षण करने भारत सरकार, नई दिल्ली से पहुंचे केंद्रीय दल ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों और ग्रामों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। दल ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से निर्धारित समय में फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

जिले में 10 फरवरी से 25 फरवरी तक एमडीए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत डीईसी, एलबेंडाजोल और आइवरमेक्टिन दवाओं का सेवन बूथ स्तर पर तथा घर-घर जाकर कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्रथम दल में शामिल डॉ. सुदर्शन मंडल (डीडीजी), डॉ. जितेन्द्र, डॉ. रंजन, डॉ. चिन्मय दास (राज्य सलाहकार) और प्रोजेक्ट कन्सर्न इंटरनेशनल के प्रतिनिधि मुमताज ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकरभाटा, उप स्वास्थ्य केंद्र नयापारा और ग्राम रहांगी का भ्रमण किया। वहीं द्वितीय दल में आरएलटीआरआई के डॉ. एस. जोगडांड और विश्व स्वास्थ्य संगठन के डॉ. मनोज सिंह ने विकासखंड मस्तूरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हार का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय दल ने दवा वितरण प्रक्रिया, रजिस्टर संधारण, माइक्रोप्लान, बूथ प्रबंधन और समुदाय की सहभागिता का बारीकी से अवलोकन किया। दल के सदस्यों ने लाभार्थियों से चर्चा कर दवा सेवन, संभावित दुष्प्रभाव और जागरूकता के स्तर की जानकारी भी ली। इसके बाद दल ने सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मुर्ति से मुलाकात कर सीईएस की तैयारियों पर चर्चा की और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। केंद्रीय दल ने अभियान के प्रभावी संचालन की सराहना करते हुए शेष अवधि में शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दल ने घर-घर भ्रमण के दौरान छूटे हुए लोगों तक पहुंच बनाने, निगरानी तंत्र मजबूत करने और जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बी.के. वैष्णव, वीबीडी सलाहकार श्रीमती कृष्णा कुमारी, डब्ल्यूएचओ से डॉ. स्नेहाश्री, पीसीआई से आदित्य शर्मा और अनुषा मुरली सहित मलेरिया विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

TODAY छत्तीसगढ़ पर आपका स्वागत है, आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । जानकारी और समाचार को अवलोकन पश्चात TCG NEWS पर प्रमुखता से प्रकाशित किया जायेगा । 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com