Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ATR में नए सफारी वाहनों की शुरुआत, उप मुख्यमंत्री ने सौंपी चाबियां

नए सफारी वाहनों के शुरू होने से पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलने और पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि की उम्मीद है।

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शुक्रवार को अचानकमार टाइगर रिजर्व स्थित शिवतराई बैगा रिसॉर्ट पहुंचे। यहां स्थानीय छात्र-छात्राओं और कलाकारों ने पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने सदा सोहागी महिला स्व-सहायता समूह, सिवलखार द्वारा संचालित टाइगर केंटीन और सोविनियर शॉप का निरीक्षण किया।

सोविनियर शॉप में महिला समूह की सदस्य कु. रागिनी धुर्वे ने गोंडी आर्ट पेंटिंग तथा कु. तान्या मरावी ने अचानकमार टाइगर रिजर्व का प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री ने महिला समूहों के आत्मनिर्भरता प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह ग्रामीण सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है और ऐसे प्रयासों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

इस अवसर पर वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा में तैनात प्रशिक्षित वाइल्ड लाइफ स्निफर डॉग ‘नीतू’ ने सलामी देकर उप मुख्यमंत्री का सम्मान किया। श्री साव ने नीतू द्वारा किए जा रहे सर्चिंग और सुरक्षा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण में प्रशिक्षित टीमों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उप मुख्यमंत्री ने अचानकमार, सिवलखार और रंजकी वन प्रबंधन समितियों द्वारा क्रय किए गए पांच नए ‘योद्धा’ (महारानी) सफारी वाहनों की चाबी संबंधित समिति अध्यक्षों को सौंपकर उनका शुभारंभ किया। इसके साथ ही स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन टीम को ट्रेकिंग शू और टॉर्च वितरित किए गए, जिससे जंगल में गश्त और सुरक्षा कार्य और अधिक प्रभावी हो सके।  

नए सफारी वाहनों के शुरू होने से पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलने और पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि विकास और संरक्षण दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ा जा सके। इस दौरान महावत शिवमोहन राजवाड़े को हाथियों के संरक्षण, देखभाल और कल्याण में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस ख़ास मौके पर अचानकमार टाईगर रिजर्व प्रबंधन के सभी अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com