Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

नकाबपोशों का आतंक: व्यापारी पर जानलेवा हमला, पौने चार करोड़ का सोना लूटा; पुलिस के हाथ खाली

राजकिशोर नगर बीएसएनएल टॉवर रोड के पास कार घेरकर हथौड़े से वार, 2.2 किलो सोना और नकदी लेकर बदमाश फरार ...


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / शहर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार रात हुई फिल्मी अंदाज़ की लूट की वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया है। सराफा व्यापारी संतोष तिवारी पर जानलेवा हमला कर बदमाश 3 करोड़ 35 लाख रुपये का माल लूट ले गए। वारदात के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, हालांकि संदिग्धों से पूछताछ और धरपकड़ जारी है। 

 मंगलवार रात करीब 9.30 से 10 के बीच राजकिशोर नगर बीएसएनएल टॉवर रोड के पास घर से 500 मीटर पहले ही लुटेरों ने एक ईको कार अड़ाकर संतोष को रोका। पीछे बाइक सवार दो आरोपी चल रहे थे। सभी ने मिलकर पहले बंदूक से फायर करने की कोशिश की, लेकिन मैग्जीन फंसने के कारण गोली नहीं चली तो हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार किया। 

जानकारी के अनुसार राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी, जो पूर्व में पुलिस विभाग में कार्यरत रह चुके हैं, महालक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे दुकान बंद कर घर लौटते समय महावीर सिटी के पास नकाबपोश बदमाश बाइक और कार से पहुंचे और संतोष की कार को ओवरटेक कर सामने अदाकार खड़े हों गये। नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें जबरन कार से बाहर निकालने की कोशिश की, संतोष ने विरोध किया तो हमलावरों ने पिस्तौल निकालकर उन्हें मारने की कोशिश भी की लेकिन मैगजीन में गोली फंस जाने की वजह से फायर नहीं हो सका। इस बीच मोटरसाइकिल पर सवार एक नकाबपोश वहां पहुंचा और संतोष पर हथौड़े से सिर पर 11 से अधिक बार वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। 

सराफा व्यापारी संतोष तिवारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अलावा पास लगे सीसीटीवी कैमरे के मुताबिक बदमाशों ने राहगीरों को पिस्टल दिखाकर इलाके में दहशत भी फैलाई। दो-तीन राउंड फायरिंग की आवाज भी सुनाई देने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है । हमले के बाद तीनों आरोपी कारोबारी की कार समेत उसमें रखे 2 किलो 200 ग्राम सोना और 3 लाख 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। कुल लूट की रकम 3 करोड़ 35 लाख रुपये बताई जा रही है।  
 लूटकांड – अब तक क्या-क्या सामने आया ?
  • घटना का समय: मंगलवार रात करीब 9:45 बजे

  • स्थान: राजकिशोर नगर, महावीर सिटी के पास

  • पीड़ित: सराफा व्यापारी संतोष तिवारी

  • हमले का तरीका: कार घेरकर बाहर निकाला, हथौड़े से सिर पर वार

  • लूट का माल: 2 किलो 200 ग्राम सोना, 3.50 लाख नकद

  • कुल नुकसान: करीब 3 करोड़ 35 लाख रुपये

  • मौके से बरामद: एक पैशन प्रो बाइक, एक इको कार, पिस्टल की मैगजीन व जिंदा कारतूस

  • फायरिंग की आशंका: प्रत्यक्षदर्शियों ने 2-3 राउंड जैसी आवाज सुनी

  • घायल की स्थिति: सिर में ब्रेन ब्लीड, एक हाथ में फ्रैक्चर, हालत गंभीर

  • पुलिस कार्रवाई: नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज खंगालना, विशेष टीम गठित

घटनास्थल पर बदमाश एक पैशन प्रो बाइक और एक इको कार छोड़ गए। पुलिस को मौके से पिस्टल की मैगजीन और जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे। छोड़ी गई इको कार के पीछे चूने से “नीलेश गोविंद” लिखा मिला है । घटना में इस्तेमाल की गई कार और मोटरसाइकिल चोरी की है, अनुमान लगाया जा रहा है कि लुटेरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक रेकी की होगी, उसके बाद वारदात को अंजाम तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई होगी क्यूंकि जिस तरीके से अज्ञात लुटेरे चोरी के वाहन में घटना को अंजाम देने आये फिर उन वाहनों को मौका -ए - वारदात पर छोड़कर सराफा व्यापारी की कार लेकर मोपका की ओर भागे। मोपका के आगे लुटेरों ने कार को छोड़ा और उसमें रखा पौने चार करोड़ का सराफा सामान लेकर दूसरे वाहन से भाग निकले।  

सराफा व्यापारी संतोष तिवारी की कार

इधर घटना की जानकारी लगते ही पुलिस की टीम मौकाए वारदात पर जुटी, डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस ओम पैलेस होते हुए मोपका रोड स्थित चुन्नी सिंह तालाब तक भी पहुंची लेकिन वहां से आगे का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। घटना की ख़बर रेंज के आईजी को लगी, वे भी मौके पर पहुंचे। लूट का शिकार हुए संतोष तिवारी का उपचार सरकंडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है जहां उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार संतोष के सिर में अंदरूनी रक्तस्राव (ब्रेन ब्लीड) हुआ है और एक हाथ में फ्रैक्चर है। 

रिहायशी और व्यस्ततम इलाके में हुई इस दुस्साहसी वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटनाक्रम को लेकर सियासी गलियारे में भी गर्माहट महसूस की जा रही है। विपक्ष ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। 

छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने अपने सोशल मिडिया पर इस घटना का जिक्र करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है, वहीं पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने भाजपा विधायक अमर अग्रवाल के “अपराधमुक्त बिलासपुर” के दावे पर कटाक्ष किया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com