Slider

जिला पंचायत का प्रतिनिधिमंडल सात दिवसीय प्रशिक्षण हेतु मुंबई रवाना

यह प्रशिक्षण जिले की ग्राम पंचायतों को मॉडल पंचायत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

बिलासपुर ।  TODAY छत्तीसगढ़  / पंचायतों को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिला पंचायत बिलासपुर का 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के लिए मुंबई रवाना हुआ। जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश तथा जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल के मार्गदर्शन में अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और उपाध्यक्ष ललिता संतोष कश्यप सहित जनप्रतिनिधि दुरंतो एक्सप्रेस से मुंबई के लिए प्रस्थान किए।

यह प्रशिक्षण पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम 18 फरवरी से मुंबई स्थित रामभाऊ महालाँघि प्रबोधनी संस्थान में शुरू होगा। इसमें ग्रामीण विकास, सुशासन, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल पंचायत, आजीविका संवर्धन व सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिनिधिमंडल महाराष्ट्र के आदर्श ग्रामों का अध्ययन भ्रमण भी करेगा। दल रालेगण सिद्धि और हिवरे बाजार का अवलोकन करेगा, जहां जल संरक्षण, पारदर्शी प्रशासन और सतत विकास के सफल मॉडल लागू हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने TODAY छत्तीसगढ़ से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि यह प्रशिक्षण जिले की ग्राम पंचायतों को मॉडल पंचायत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। लौटने के बाद प्रतिनिधिमंडल अपने अनुभव अन्य पंचायतों से साझा करेगा, जिससे पूरे जिले में नवाचार व सुशासन को बढ़ावा मिलेगा। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com