Slider

तिफरा: अनव इंडस्ट्रीज में भीषण आग, तीन घंटे की मशक्कत के बाद काबू

जनहानि नहीं, पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल...


बिलासपुर । 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  शहर से लगे तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अनव इंडस्ट्रीज में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटे इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं से घिर गया। आग की लपटें और उससे उठता धुंआ दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस आगजनी के चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, आगजनी के कारणों और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।  

जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में केमिकल, पेंट, टाइल्स और पुट्टी का निर्माण किया जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रोज की तरह कर्मचारी अपने कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान गोदाम के पास अचानक आग की लपटें उठने लगीं। ज्वलनशील सामग्री तक आग पहुंचते ही उसने विकराल रूप धारण कर लिया।

तिफरा थाना प्रभारी टीआई किशोर केंवट ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि फैक्ट्री में बिजली का कार्य चल रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग पर पूर्णतः नियंत्रण के बाद विस्तृत जांच की जाएगी। आग की सूचना मिलते ही पुलिस एवं दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभ में दो दमकल वाहनों से आग बुझाने का प्रयास किया गया, किंतु केमिकल और पेंट में आग होने के कारण लपटें लगातार भड़कती रहीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कुल चार दमकल वाहनों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग के दौरान उठे घने धुएं का असर आसपास के रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों तक पहुंचा। एहतियातन कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। घटना के बाद फैक्ट्री की फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ज्वलनशील सामग्री के भंडारण के अनुरूप सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। फिलहाल पुलिस एवं दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com