बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक थार वाहन में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि ये युवक नशे की हालत में वाहन चला रहे थे और उनके पास धारदार चाकू भी थे।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 25 फरवरी की है, जब उन्हें सूचना मिली कि थार वाहन (CG10 BW 6664) में सवार तीन युवक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए दुर्घटना कर वहां से निकल गए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस ने बताया कि आसमा सिटी फेस-2, मेन्ड्रा रोड के पास संदिग्ध वाहन को रोका गया। इस दौरान वाहन में सवार युवक कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस का कहना है कि उनके हाथों में धारदार चाकू थे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान ईशांत सिंह मण्डलोई (24 वर्ष), शैलेन्द्र सिंह (33 वर्ष) और राहुल तिवारी (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से वाहन और तीन चाकू जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
--------------------------------
