बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में शनिवार रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छोटे भाई को बचाने पहुंचे युवक की चापड़ से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
मिली जानकारी के अनुसार, मोपका गुड़ी मोहल्ले निवासी अभिषेक यादव (22), बीए सेकंड ईयर का छात्र था। शनिवार रात करीब 10:30 बजे उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पांच युवकों ने ओमप्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान एक आरोपी ने चापड़ से उसके गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
हमले के बाद ओमप्रकाश किसी तरह जान बचाकर पुलिस चौकी पहुंचा, जबकि आरोपी उसका पीछा करते रहे। परिजन घायल अभिषेक को अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। करीब 50-60 लोग थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
पुलिस ने इस मामले में पांच युवकों को हिरासत में लिया है, जो सीपत क्षेत्र के सेलर गांव के बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी प्रदीप आर्या के अनुसार, हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
