Slider

सुलह करने गए, मौत मिल गई ! युवक की चाकू मारकर हत्या


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सरकंडा थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को सुलझाने गई बातचीत खूनी झड़प में बदल गई, जहां युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गुड़ीपारा संतोषी चौक निवासी अभय यादव (19) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े पिताजी के बेटे ओमप्रकाश यादव का मोपका क्षेत्र में रहने वाली एक युवती से परिचय था। इसी बात को लेकर 1 मई को युवती के घर के पास ओमप्रकाश का अजीत सूर्यवंशी और उसके साथियों से विवाद हुआ था।

इसके बाद 2 मई की रात करीब 10:30 बजे ओमप्रकाश यादव अपने साथी अभिषेक यादव, पंकज साहू और अजय साहू के साथ मोपका चौक के पास कलकत्ता स्वीट्स के सामने विवाद सुलझाने पहुंचा। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि इसी दौरान आशीष सूर्यवंशी (22), महावीर सूर्यवंशी (23) और रघुवीर सूर्यवंशी (26) ने अपने साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। मारपीट के बीच आशीष ने कमर में छिपाकर रखा चाकू निकालकर अभिषेक यादव के गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। घायल अभिषेक और ओमप्रकाश को उनके साथियों ने तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी करते हुए सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com