बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सरकंडा थाना क्षेत्र में क्रिकेट खिलाड़ियों के बीच चल रही रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। टीम विवाद के चलते एक युवक पर कैची से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरएसके एकेडमी के पास महामाया चौक निवासी रवि कुमार सोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका पुत्र अनुभव सोनी (20) क्रिकेट खिलाड़ी है और वर्ष 2025 में उसका चयन विश्वविद्यालय टीम में हुआ था। इसी बात को लेकर टीम के कप्तान राज पाली उससे रंजिश रखता था।
बताया गया कि 1 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे अनुभव अपने भाई के साथ बाहर निकला था और दोस्त के पास रुका हुआ था। इसी दौरान आरोपी राज पाली ने उसे फोन कर आरएसके एकेडमी के पास बुलाया। वहां पहले से मौजूद राज पाली और उसके साथी रिशु ठाकुर ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने पास रखी कैची से अनुभव के बाएं आंख और गले के पास वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में आरोपी राज पाली और रिशु ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
