Slider

मोबाइल से चल रहा था करोड़ों का सट्टा, आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  थाना बसंतपुर पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और ₹2500 नगद जब्त किए हैं। जांच में मोबाइल से करीब ₹2 करोड़ के लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, शिकारीपारा क्षेत्र में मोबाइल के जरिए आईपीएल मैच पर सट्टा खिलाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी श्याम यादव (30) निवासी शिकारीपारा बंगाली चाल को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मोबाइल के माध्यम से हर गेंद और ओवर पर दांव लगवा रहा था।

मोबाइल की जांच में बड़े स्तर पर सट्टा संचालन के साक्ष्य मिले हैं, जिसमें करीब ₹2 करोड़ के लेन-देन की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते को भी सील कर दिया है, ताकि अवैध लेन-देन रोका जा सके।

इस मामले में मुख्य आरोपी राकेश कुमार उमरे निवासी समता कॉलोनी पनेका फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपी के खिलाफ थाना बसंतपुर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com