Slider

हत्या के मामले में नाम आने के बाद भाजपा ने राजू सोनकर को पद से हटाया


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /   हत्या के एक मामले में नाम सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने पदाधिकारी को पद से हटा दिया है। पार्टी ने बेलतरा पूर्वी मंडल में अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष राजू सोनकर को उनके पद से कार्यमुक्त कर दिया है। राजू सोनकर पर आरोप है कि उसने भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की हत्या करवाने की सुपारी शहर के आदतन अपराधी नारद उर्फ़ सुमित श्रीवास को दी थी। 

पार्टी के स्थानीय नेताओं के अनुसार यह कार्रवाई उस समय की गई जब सराफा कारोबारी से कथित लूट और भाजपा पार्षद एवं व्यवसायी बंधु मौर्य की हत्या से जुड़े मामले में राजू सोनकर का नाम सामने आया। भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन कश्यप की पुष्टि के बाद भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने राजू सोनकर को पद से हटाने का निर्णय लिया। पार्टी ने इस संबंध में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी सूचना दे दी है। 

पार्टी ने राजू सोनकर के स्थान पर विकास कुर्रे को बेलतरा पूर्वी मंडल में अनुसूचित जाति मोर्चा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कहा कि पार्टी अनुशासन को प्राथमिकता देती है और अपराध से जुड़े मामलों में सख्त रुख अपनाती है। उन्होंने कहा कि मामले में नाम सामने आने के बाद संगठन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। फिलहाल हत्या के मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com