Slider

BILASPUR POLICE: महालक्ष्मी में लूट से पहले भाजपा पार्षद बंधू मौर्य के हत्या की थी साजिश, नारद मुख्य कड़ी


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से हुई तीन करोड़ रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक और चौंकाने वाला खुलासा हाथ लगा है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में भाजपा पार्षद एवं एमआईसी सदस्य बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के बेलतरा पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजू सोनकर और शहर के निगरानी बदमाश नारद उर्फ सुमित श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है।

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सोमवार को बिलासा गुड़ी में आयोजित पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सराफा कारोबारी लूटकांड में गिरफ्तार एक आरोपित ने पूछताछ के दौरान बताया कि राजू सोनकर ने बंधु मौर्य की हत्या कराने के लिए नारद श्रीवास को 25 लाख रुपये की सुपारी दी थी। इस सौदे के तहत छह लाख रुपये एडवांस भी दिए गए थे। पुलिस ने खुलासे के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राजू सोनकर और नारद श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है। 

एसएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि 27 खोली क्षेत्र निवासी नारद श्रीवास ने करीब चार महीने पहले मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के निवासी विनोद उर्फ बिन्त्रू प्रजापति से संपर्क किया था। उसने विनोद को “बड़ा काम” होने की बात कहकर बिलासपुर बुलाया। इसके बाद विनोद अपने साथियों विजय लांबा, रिंकू गगनदीप और आमिर के साथ बिलासपुर पहुंचा और सभी आरोपित होटल सेलिब्रेशन में ठहरे।

यहीं पर चांटीडीह निवासी राजू सोनकर और नारद श्रीवास ने आरोपितों के साथ बैठक की। बैठक में बंधु मौर्य के साथ रास्ते को लेकर हुए विवाद का हवाला देते हुए उनकी हत्या की सुपारी 25 लाख रुपये में तय की गई। इस दौरान छह लाख रुपये एडवांस के रूप में आरोपितों को दिए गए। हत्या की साजिश को अंजाम देने से पहले आरोपितों ने बंधु मौर्य की गतिविधियों की रेकी की। रेकी के दौरान यह जानकारी जुटाई गई कि बंधु मौर्य प्रतिदिन शाम को घर लौटते समय अपने साथ पांच से दस लाख रुपये तक नकद रखते हैं। 

पुलिस के अनुसार आरोपितों ने 18 दिसंबर को चांटीडीह कॉम्पलेक्स के पास बंधु मौर्य को रोककर लूट और हत्या की संयुक्त वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। हालांकि, आरोपित अपनी योजना में सफल नहीं हो सके और वारदात को अंजाम दिए बिना ही वहां से भाग निकले। इसके बाद आरोपितों ने अपने खर्च की भरपाई करने के उद्देश्य से 19 दिसंबर की सुबह करीब छह बजे जबड़ापारा क्षेत्र में होटल व्यवसायी लखन देवांगन उर्फ निटी को लूटने का प्रयास किया, लेकिन इस वारदात में भी उन्हें सफलता नहीं मिली।

दोनों वारदातों में असफल रहने के बाद सभी आरोपित बिलासपुर से भागकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर चले गए। पुलिस ने सराफा कारोबारी संतोष तिवारी लूटकांड की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपितों को गिरफ्तार किया, जिसके बाद इस सुपारी कांड का खुलासा हुआ।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही सुपारी किलिंग की साजिश में प्रयुक्त संसाधनों और आर्थिक लेनदेन के संबंध में भी विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। 

खुद को बड़ा गुंडा बताकर गैंग को किया प्रभावित

जांच में यह भी सामने आया है कि 27 खोली निवासी नारद श्रीवास पहले डबरीपारा क्षेत्र में रहता था। उसने विनोद और विजय की गैंग के सामने खुद को बिलासपुर का बड़ा गुंडा बताया था। इतना ही नहीं, उसने प्रेस क्लब को अपना ऑफिस बताकर पुलिस और पत्रकारों से करीबी संबंध होने का दावा किया था और गिरफ्तारी की स्थिति में बचाने का भरोसा भी दिलाया था। नारद की बातों से प्रभावित होकर बाहरी बदमाश उसकी योजना में शामिल हो गए।

घर से हथियार, प्रेस आईडी और नकदी बरामद

पुलिस ने नारद श्रीवास के घर की तलाशी ली, जहां उसकी आलमारी से दो देशी कट्टा, चार से अधिक बटन चाकू, प्रेस के दो आईडी कार्ड और 5.33 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार नारद सिविल लाइन थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों सहित 11 से अधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में सनसनी फैल गई है। एक ओर जहां लूटकांड की गुत्थी सुलझ रही है, वहीं सुपारी देकर जनप्रतिनिधि की हत्या की साजिश सामने आने से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसके पीछे की पृष्ठभूमि की गहराई से जांच कर रही है। 

-----------------------

आप अपने क्षेत्र का समाचार, जानकारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों के बारे में हमें इस (9111607770) वाट्सअप नंबर पर सीधे भेज सकते हैं । 

आप इस लिंक https://chat.whatsapp.com/LR2h81C1Qhg3vliVzuyI2G पर क्लिक करें और सीधे वाट्सअप ग्रुप में जुड़े। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com