Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन मामले में बड़ी कार्रवाई, एक गिरफ्तार

लकड़ी के अवैध परिवहन मामले में जांच तेज, एक आरोपी जेल भेजा गया

कोरबा।  TODAY छत्तीसगढ़  /  इमारती लकड़ी के कथित गबन, अवैध परिवहन और चोरी के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है, तथा परिवहन में प्रयुक्त एक क्रेन जब्त की है। पुलिस के अनुसार, मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, वन परिक्षेत्र अधिकारी की शिकायत पर थाना सिविल लाइन रामपुर में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास राजस्व भूमि पर सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से वृक्षों की कटाई की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान सात वृक्षों से प्राप्त इमारती लकड़ी के कथित रूप से अनधिकृत परिवहन की जानकारी मिलने पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक ले जाने से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

पुलिस का दावा है कि प्रदेश स्तरीय संयुक्त जांच के दौरान बड़ी मात्रा में इमारती लकड़ी और परिवहन में प्रयुक्त क्रेन बरामद की गई। मामले में सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 673/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। बरामद लकड़ी के स्रोत, अवैध परिवहन में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता तथा किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा