Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ट्रेनी आईपीएस उदय कृष्ण रेड्डी पर यौन उत्पीड़न का केस दर्ज, महिला अधिकारी की शिकायत पर जांच शुरू

हैदराबाद। TODAY छत्तीसगढ़  / सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षणरत 2024 बैच के ट्रेनी आईपीएस अधिकारी उदय कृष्ण रेड्डी के खिलाफ उनकी सह-प्रशिक्षु महिला आईपीएस अधिकारी की शिकायत पर यौन उत्पीड़न, आपराधिक धमकी, मारपीट और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत 18 जुलाई को दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता महिला अधिकारी ने आरोप लगाया है कि जून से जुलाई के बीच आरोपी ने उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, अश्लील संदेश भेजे, ब्लैकमेल किया और उनकी निजी जानकारी का दुरुपयोग किया।

शिकायत में लगाए गए आरोपों के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर महिला अधिकारी का निजी वीडियो बनाया, उनके निजी चैट देखे और वीडियो उनके पति को भेज दिया। महिला अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि 8 और 9 जुलाई को आरोपी ने उनके साथ जबरदस्ती की, मारपीट की, गला दबाने की कोशिश की, चाकू दिखाकर धमकाया तथा उनके साथ यौन उत्पीड़न किया।

पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66E और 67A के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उदय कृष्ण रेड्डी आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने आर्थिक कठिनाइयों के बीच पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2012 में आंध्र प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के रूप में सेवा शुरू की थी। बाद में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए। वर्तमान में वे राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

नोट: मामले में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के आरोप हैं। इनकी सत्यता का निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा