बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर रतनपुर थाना क्षेत्र के छोटू ढाबा के पास शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क की सफाई कर रही एक महिला मजदूर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गिट्टी से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही जान चली गई।
रतनपुर थाने में पदस्थ एसआई विष्णु यादव ने बताया कि भरवीडीह निवासी महिमा कोसले (32) नेशनल हाईवे पर सड़क की सफाई और रखरखाव का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहा गिट्टी से लदा ट्रेलर अचानक चालक का नियंत्रण खोने से पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि महिला को संभलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रेलर के नीचे दब गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से पलटे ट्रेलर को हटवाकर महिला के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जिस स्थान पर सड़क की सफाई और रखरखाव का कार्य चल रहा था, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। लोगों के अनुसार, मौके पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे, न बैरिकेडिंग की गई थी और न ही ऐसे संकेतक लगाए गए थे, जिनसे वाहन चालकों को आगे सड़क पर कार्य चलने की जानकारी मिल सके। इससे हाईवे पर काम कर रहे श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

