रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार बारिश और जलभराव से उत्पन्न स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जलभराव वाले इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था तेज करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और जनसुविधाओं को जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बिलासपुर एवं जांजगीर-चांपा जिलों में हुई अत्यधिक वर्षा एवं जलभराव की स्थिति पर राज्य सरकार पूरी गंभीरता के साथ लगातार नजर बनाए हुए है।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) July 17, 2026
जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। प्रत्येक प्रभावित एवं जरूरतमंद…
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में कोई बाधा न आए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

