Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

मानिकपुर लूटकांड में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

फरार लुटेरों का खेल खत्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोरबा।  TODAY छत्तीसगढ़  /  मानिकपुर सहायता केंद्र क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुई लूट की वारदात के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि 21 दिसंबर 2025 को प्रार्थी दीपक ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ददरखुर्द क्षेत्र में रात करीब 2:30 बजे कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर 20-22 ग्राम वजनी सोने की चेन, 70 हजार रुपये नकद सहित लगभग 2 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और तकनीकी विश्लेषण किया गया। मामले में पहले ही एक आरोपी के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका था, जबकि दो आरोपी घटना के बाद से फरार थे। उनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी और मुखबिर तंत्र के साथ तकनीकी निगरानी भी रखी जा रही थी।

पुलिस का दावा है कि लगातार प्रयासों के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमनाथ सेनगुप्ता उर्फ सोमू और सोमनाथ अग्रवाल उर्फ सोमू अग्रवाल के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा