कोरबा। TODAY छत्तीसगढ़ / उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी के साथ विवाद के दौरान बांस के डंडे से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि एक महिला की उसके पति द्वारा मारपीट किए जाने से मृत्यु हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में मृतका के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतका अग्घन बाई धनवार और उसका पति परदेशी राम धनवार पिछले कुछ दिनों से गांव में रह रहे थे। आरोप है कि पति अक्सर शराब के नशे में पत्नी से विवाद और मारपीट करता था।
पुलिस के मुताबिक, 19 और 20 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी से विवाद के बाद घर में रखे बांस के डंडे से उसके सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी परदेशी राम धनवार (41 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ में वारदात स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया।
उरगा थाना में अपराध क्रमांक 428/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

