Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

ओडिशा से नशीली दवा लाकर बेचने की आशंका, दो आरोपी पकड़े गए

459 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा से लाने की आशंका

रायपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  /  एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 459 नाइट्रोसन-10 टैबलेट और बिक्री की 200 रुपये नकद राशि बरामद की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.83 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि 20 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर स्थित गदयाही मंदिर के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सुनील बघेल (26) और सचिन महानंद (21), दोनों निवासी चंडी नगर, खम्हारडीह, के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उनके बैग से नाइट्रोसन-10 नामक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद हुई। आरोपियों से दवा रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ खम्हारडीह थाना में अपराध क्रमांक 247/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी) और 22 के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर नशीली गोलियां बस के माध्यम से ओडिशा से लाने की जानकारी दी है। इस संबंध में विस्तृत जांच जारी है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा