Slider

छत्तीसगढ़ पुलिस को मिली हाईटेक ताकत, अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी

‘एक्के नंबर, सब्बो बर’: छत्तीसगढ़ में शुरू हुई आधुनिक डायल-112 सेवा


रायपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को रायपुर पहुंचकर छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन CG Dial-112 सेवा’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया। माना पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और गृह मंत्री विजय शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में अमित शाह ने 400 अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह सेवा पुलिस, अग्निशमन और चिकित्सा सहायता को एकीकृत करते हुए नागरिकों को एक ही नंबर पर त्वरित मदद उपलब्ध कराएगी।

नई डायल-112 सेवा में स्मार्टफोन, जीपीएस, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इसके जरिए घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम ट्रैकिंग और तेज संचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

यह सेवा 24 घंटे संचालित होगी। इसमें जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, एडवांस व्हीकल ट्रैकिंग, एसआईपी ट्रंक तकनीक और ऑटोमैटिक कॉलर लोकेशन सिस्टम का उपयोग किया गया है। नागरिक वॉयस कॉल, एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

वहीं ‘Science on Wheels – Towards Faster Justice’ थीम पर आधारित 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन अपराध अनुसंधान को नई दिशा देंगी। लगभग 65 लाख रुपये लागत वाली प्रत्येक वैन में घटनास्थल संरक्षण किट, फिंगरप्रिंट डिटेक्शन सिस्टम, नार्कोटिक्स टेस्टिंग किट, डिजिटल फॉरेंसिक सपोर्ट, बैलिस्टिक जांच उपकरण और गनशॉट रेजिड्यू परीक्षण जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इन मोबाइल फॉरेंसिक वैन के जरिए घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संरक्षण और डिजिटल दस्तावेजीकरण किया जा सकेगा। इससे जांच की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार होगा तथा साक्ष्य आधारित न्याय प्रणाली को मजबूती मिलेगी। 

राज्य सरकार का कहना है कि नई तकनीक आधारित इन सेवाओं से अपराध नियंत्रण, आपातकालीन सहायता और न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता तथा आम जनता का विश्वास और मजबूत होगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com