बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला ऑफिसर्स क्लब द्वारा गुरुवार को क्लब परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदस्याओं ने विभिन्न फलदार पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में डॉ. तरल गर्ग, श्रीमती निकिता अग्रवाल, श्रीमती सोनिया सर्वे, श्रीमती उषा भांगे, श्रीमती भारती दीक्षित और श्रीमती अलका अग्रवाल सहित अन्य सदस्याओं ने मौसंबी, अमरूद और आम के पौधे लगाए। इस दौरान सभी ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
महिला ऑफिसर्स क्लब की पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल के लिए आगे आने की अपील भी की।

