Slider

सिर्फ बैंक अकाउंट देकर बन रहे थे करोड़ों की ठगी के हिस्सेदार


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  साइबर अपराध में इस्तेमाल हो रहे “म्यूल अकाउंट सिंडिकेट” के खिलाफ तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंबिकापुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों के खिलाफ देशभर में 60 से अधिक साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नवनीत मिश्रा उर्फ विक्की पंडित (19), ऋषभ साहू (24) और राजा घरानी (22) शामिल हैं। तीनों आरोपी अंबिकापुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

जानकारी के मुताबिक, इससे पहले तारबाहर पुलिस ने 13 मई को म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले आरोपी दीपेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया था। उसके मोबाइल फोन से मिले तकनीकी इनपुट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अंबिकापुर के इन तीन युवकों की भूमिका सामने आई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तीनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में पता चला कि आरोपी आपस में व्हाट्सएप और मोबाइल के जरिए विभिन्न लोगों के बैंक खातों की जानकारी साझा करते थे और कमीशन के बदले खातों को साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे।

प्रारंभिक तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने, ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि ऐसे “म्यूल अकाउंट सिंडिकेट” साइबर अपराधियों के लिए “स्लीपर सेल” की तरह काम करते हैं, जिससे असली ठगों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। 

प्रकरण में पुलिस ने तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मोबाइल डेटा, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की विस्तृत जांच जारी है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

https://www.instagram.com/todaychhattisgarhnews/

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com