बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / बिल्हा पुलिस ने चलती गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंककर हादसा कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर की गई।
पुलिस के मुताबिक अनवर अली निवासी सिटी कोतवाली, बलौदाबाजार ने 20 अप्रैल को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम झाल मेन रोड के पास अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रक क्रमांक CG07CB 0655, पीछे चल रही मेटाडोर तथा बरतोरी के आगे मेन रोड पर स्कॉर्पियो वाहन पर ईंट-पत्थर फेंके। इस घटना में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गए और चालकों सहित वाहन में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। साथ ही वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदेह के आधार पर मोटरसाइकिल सवार पंकज कुमार ध्रुव और मोहन निषाद को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना के दिन वाहनों पर ईंट और पत्थर फेंकने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 17 मई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
