रायपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गुढ़ियारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 249 शीशी कोडीन सिरप, जिसकी कुल मात्रा लगभग 25 लीटर है, बरामद की गई है। साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (आईपीएस) के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि झाबक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा तथा थाना गुढ़ियारी पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल कुमार साहू (33 वर्ष) निवासी मंगलवाड़ा, थाना चरौदा, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 249 शीशी कोडीन युक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद हुई। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीली सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।









