बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर की पहल पर बिलासपुर में स्व सहायता समूह की महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘यशोदा एआई’ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, एडिशनल एसपी रश्मित कौर चावला, आयोग के डिप्टी डायरेक्टर रामअवतार सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजया रहाटकर ने कहा कि डिजिटल युग में महिलाओं का तकनीक से जुड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा अब तक 31 कार्यशालाओं के माध्यम से हजारों महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं स्व सहायता समूहों के जरिए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं और ‘यशोदा एआई’ जैसे प्रशिक्षण उनके लिए नए अवसर खोलेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को उत्पादों की डिजिटल मार्केटिंग, टैगलाइन तैयार करना, डिजाइन बनाना और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक्री की जानकारी दी गई। इससे महिलाएं अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचा सकेंगी और आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगी।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने प्रशिक्षण को बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि अब वे डिजिटल माध्यमों का बेहतर उपयोग कर सकेंगी और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा पाएंगी। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं की जिज्ञासाओं का विशेषज्ञों द्वारा समाधान भी किया गया। रहाटकर ने कहा कि यह कार्यक्रम सिर्फ प्रशिक्षण नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ सतत संवाद और सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने महिलाओं को तकनीक का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।



