Slider

सुपेला डबल मर्डर: प्रेम संबंध बना खूनी वारदात की वजह, पत्नी और बेटे की हत्या


दुर्ग। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  सुपेला क्षेत्र में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस खौफनाक वारदात के पीछे प्रेम संबंध, पारिवारिक विवाद और जुनून की कहानी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज का एसटीएफ में पदस्थ कांस्टेबल ललितेश यादव के साथ प्रेम संबंध था, जो वर्ष 2023 में फेसबुक के माध्यम से शुरू हुआ था। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जबकि कांस्टेबल पहले से शादीशुदा था। बताया जा रहा है कि सरोजनी, ललितेश यादव के साथ रहना चाहती थी, लेकिन कांस्टेबल इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।

24 अप्रैल को भी आरोपी महिला कांस्टेबल के घर पहुंची थी, जहां उसकी पत्नी रीना यादव से जमकर विवाद हुआ। उस समय कांस्टेबल ने किसी तरह मामला शांत कर सरोजनी को वहां से भेज दिया। अगले दिन सुबह करीब 7:30 बजे, जब कांस्टेबल ललितेश यादव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन गया हुआ था, तभी सरोजनी दोबारा उसके घर पहुंची। घर में अकेली मौजूद रीना यादव से फिर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर आरोपी महिला ने घर में रखे चाकू से रीना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इसके बाद उसने 12 वर्षीय बेटी नैना यादव और 8 वर्षीय पुत्र आदित्य यादव पर भी हमला किया। इस हमले में पत्नी रीना यादव की मौके पर ही मौत हो गई। 8 वर्षीय पुत्र आदित्य यादव ने भी दम तोड़ दिया और 12 वर्षीय बेटी नैना यादव गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के दौरान घर में मौजूद तीसरे बच्चे ने पड़ोसी के घर भागकर अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को पकड़ लिया। इसके बाद सुपेला थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रेम संबंध, मानसिक स्थिति और घटना के पीछे की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत पूछताछ जारी है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com