Slider

नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, महिला थाना की त्वरित कार्रवाई


रायगढ़ । 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला थाना रायगढ़ ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की इस तेज कार्रवाई से स्पष्ट है कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला थाना द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई।

जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल को एक महिला ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम डूमरमुड़ा निवासी भानु सिदार (27 वर्ष) ने उसकी 12 वर्षीय बेटी के साथ गलत नियत से छेड़छाड़ की। घटना 22 अप्रैल की दोपहर करीब 3 बजे की है, जब बालिका घर से दुकान जाने निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्ची पड़ोस में आरोपी के घर के पास डरी-सहमी अवस्था में मिली। बालिका ने बताया कि रास्ते में आरोपी ने उसे रोककर छेड़छाड़ की, जिससे वह किसी तरह खुद को छुड़ाकर भाग निकली। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अपराध क्रमांक 34/2026 दर्ज किया। धारा 74, 75(1)(i) बीएनएस धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके वर्तमान ठिकाने थाना चक्रधरनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com