दुर्ग। TODAY छत्तीसगढ़ / दुर्ग पुलिस ने एक संगठित नशीली दवाओं के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दवा कंपनी के प्रतिनिधि बनकर प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप की अवैध तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य की नशीली सिरप, वाहन, मोबाइल और नकदी जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि 23 अप्रैल को स्मृतिनगर चौकी और एसीसीयू टीम को सूचना मिली थी कि भिलाई के जुनवानी-खम्हरिया रोड पर एक गिरोह नशीली सिरप की बिक्री के लिए परिवहन कर रहा है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर एक सेण्ट्रो कार (CG-07-8595) को रोका गया। तलाशी में कार से 7 कार्टून में भरी 800 नग प्रतिबंधित CADIFOS-T कोडीन सिरप बरामद की गई।
