Slider

अंतर्राज्यीय सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 21 मोबाइल व लैपटॉप समेत करोड़ों का नेटवर्क उजागर

ऑनलाइन लूडो व आईपीएल सट्टे का संचालन, 2 करोड़ से अधिक लेनदेन का खुलासा, सरगना सहित 7 आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  बीट सिस्टम की सटीक जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के दम पर सकरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह ऑनलाइन लूडो गेम और आईपीएल क्रिकेट मैचों में सट्टा संचालित कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 21 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 13 एटीएम कार्ड, 8 पासबुक और एक क्रेटा कार जब्त की गई है। जांच में आरोपियों के मोबाइल से करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टा लेनदेन का खुलासा हुआ है। 

थाना सकरी पुलिस और एसीसीयू टीम ने 29 अप्रैल को ओम स्पेस कॉलोनी में दबिश देकर गिरोह को पकड़ा। गिरोह का सरगना राहुल छाबड़ा पूर्व में भी सट्टे के मामलों में लिप्त रहा है और अन्य राज्यों से संपर्क कर नेटवर्क संचालित कर रहा था।  राहुल छाबड़ा के अलावा इस मामले में पुलिस ने ओमप्रकाश नागवानी पिता विजय कुमार नागवानी, आशीष सोमानी पिता मनोहर लाल सोमानी, कैलास चावला पिता चंद्र लाल चावला, विजय नागवानी पिता केशव नागवानी,  दिनेश लालवानी पिता माधव दास लालवानी के अलावा विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया है। 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और संगठित अपराध के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही बैंक खातों की जांच कर अन्य राज्यों से जुड़े आरोपियों की तलाश की जा रही है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com