Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

#VIDEO: बम की तरह फटा जेसीबी का टायर, हवा में उछला 18 साल का युवक

हवा भरते-भरते अचानक हुआ ऐसा धमाका कि दहल गया पूरा इलाक़ा...

TODAY छत्तीसगढ़  / छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक निर्माण स्थल पर हुए गंभीर हादसे में एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं.

पुलिस के अनुसार, यह घटना आज (शुक्रवार) दोपहर चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी (फॉर्च्यून एलिमेंट) में हुई. हादसा उस वक़्त हुआ जब मरम्मत के बाद एक जेसीबी मशीन के टायर में हवा भरी जा रही थी और टायर अचानक तेज़ धमाके के साथ फट गया.

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों और घटना के सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक़, परिसर में जेसीबी के पंक्चर टायर को सुधारने का काम चल रहा था. मरम्मत के बाद जब उसमें हवा भरी जा रही थी, तभी एक ज़ोरदार धमाका हुआ.

धमाके का दबाव इतना ज़्यादा था कि वहां पास खड़ा हेल्पर हवा में काफ़ी ऊपर उछल कर ज़मीन पर आ गिरा. पुलिस के मुताबिक़, गंभीर चोटें आने की वजह से मौक़े पर ही उसकी मौत हो गई.

मृतक की पहचान 18 वर्षीय उमाकांत कौशिक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सीपत क्षेत्र का रहने वाला था और वहां हेल्पर के तौर पर काम करता था.

अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

इस ज़ोरदार धमाके की चपेट में आकर मौक़े पर मौजूद तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें जेसीबी का ऑपरेटर और एक मैकेनिक शामिल हैं.

हादसे के तुरंत बाद निर्माण स्थल पर अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया. वहां काम कर रहे अन्य मज़दूरों और कर्मचारियों की मदद से घायलों को तुरंत नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है.

पुलिस कर रही है मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा थाने की पुलिस मौक़े पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही घटना का सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्ज़े में ले लिया है.

प्रशासनिक स्तर पर इस बात की जांच की जा रही है कि भारी मशीनों और बड़े टायरों की मरम्मत के दौरान कार्यस्थल पर ज़रूरी सुरक्षा मानकों (सेफ़्टी स्टैंडर्ड) का पालन किया जा रहा था या नहीं.


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com