Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा के लिए प्रशासन तैयार, 19 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतज़ाम

पेन-पेंसिल, घड़ी और गहनों पर रोक... 21 जून को होने वाले NEET एग्ज़ाम की पूरी गाइडलाइन

TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित की जा रही नीट-यूजी (NEET-UG) की दोबारा परीक्षा के लिए ज़िला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. यह परीक्षा रविवार, 21 जून को आयोजित की जाएगी.

प्रशासन के मुताबिक़, ज़िले भर में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 7,896 परीक्षार्थी इस री-एग्ज़ाम (पुनः परीक्षा) में शामिल होंगे.

परीक्षा के सुचारू और पारदर्शी संचालन के लिए बिलासपुर के कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का जायज़ा लिया.

परीक्षार्थियों के लिए क्या हैं नियम?

परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए सख़्त नियम जारी किए हैं:

  • समय का ध्यान रखें: परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी. परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी परिस्थिति में एंट्री नहीं मिलेगी.

  • ये दस्तावेज़ हैं ज़रूरी: अभ्यर्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र (Admit Card), एक फ़ोटोयुक्त पहचान पत्र, निर्धारित पासपोर्ट और पोस्टकार्ड आकार की फ़ोटो, और एक पारदर्शी पानी की बोतल लाना अनिवार्य है.

  • इन चीज़ों पर है सख़्त पाबंदी: परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फ़ोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, पेन-पेंसिल, नोट्स, किताबें, बैग, वॉलेट, किसी भी प्रकार के आभूषण और खाने-पीने की चीज़ें ले जाने पर पूरी तरह से रोक रहेगी.

कोचिंग सेंटर्स के प्रचार पर रोक और सुरक्षा व्यवस्था

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा.

प्रशासन ने एक अहम निर्देश जारी करते हुए परीक्षा केंद्रों के आस-पास किसी भी कोचिंग संस्थान या संगठन द्वारा बैनर-पोस्टर लगाने, प्रचार-प्रसार करने या परीक्षार्थियों को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है. आस-पास के इलाक़ों में पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी.

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com