TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ के रायपुर ज़िले में पुलिस ने एक 23 वर्षीय युवक को अपनी पड़ोसन के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने, ब्लैकमेल करने और चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ़्तार किया है.
यह मामला अभनपुर थाना क्षेत्र के कोलर गांव का है. पुलिस के मुताबिक़, गिरफ़्तार किए गए शख़्स की पहचान भास्कर जना (23) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा के सोनापुर ज़िले का रहने वाला है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता का परिवार कोलर गांव में एक ही मकान के अगल-बगल के कमरों में किराये पर रहते हैं. आरोपी, उसकी पत्नी और पीड़िता का पति—तीनों एक ही बिस्किट फ़ैक्ट्री में काम करते हैं.
शिकायत के मुताबिक़, 18 जून 2026 को सभी लोग हमेशा की तरह काम पर गए थे. आरोप है कि दोपहर के वक़्त भास्कर जना फ़ैक्ट्री से काम छोड़कर घर लौट आया. पुलिस का कहना है कि महिला को घर में अकेला पाकर आरोपी ज़बरदस्ती कमरे में घुस गया और चाकू की नोक पर डरा-धमकाकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया.
आरोप है कि इस दौरान उसने महिला की तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए. आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे और उसके पति को जान से मार देगा.
हमला और गिरफ़्तारी
घटना के बाद किसी तरह महिला ने अपने पति को फ़ोन कर पूरी जानकारी दी. इसके बाद महिला का पति, आरोपी की पत्नी और मकान मालकिन फ़ैक्ट्री से सीधे घर पहुंचे.
पुलिस के मुताबिक़, जब इन लोगों ने आरोपी से घटना के बारे में पूछा, तो वह ग़ुस्से में आकर चाकू लेकर महिला के पति और मकान मालकिन को मारने दौड़ा. अपने बचाव में मकान मालकिन ने पास पड़े एक डंडे से आरोपी के सिर पर वार किया. इसके बाद आस-पड़ोस के लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया और अभनपुर पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौक़े पर पहुंची और सबसे पहले घायल आरोपी का प्राथमिक उपचार कराया.
पीड़िता की शिकायत के आधार पर अभनपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 (बलात्कार), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 333 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी भास्कर जना को गिरफ़्तार कर लिया है और मामले में आगे की क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है.
