Slider

ओवरटेक विवाद बना मारपीट का कारण: प्रभारी कुलपति से अभद्रता, दो आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  शहर में रोड रेज का एक मामला सामने आया है, जहां ओवरटेक करने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक पहुंच गया। इस मामले में तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अटल बिहारी विश्वविद्यालय बिलासपुर के प्रभारी कुलपति 23 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे अपने निजी वाहन से विश्वविद्यालय जा रहे थे। जब वे स्वास्तिक अस्पताल के पास पहुंचे, तभी एक फॉर्च्यूनर वाहन (क्रमांक CG 10 AT 0017) के चालक और उसके साथी ने ओवरटेक को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इस घटना की रिपोर्ट पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, धारा 351(3) और धारा 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरवा पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और फॉर्च्यूनर वाहन की जानकारी आरटीओ कार्यालय से प्राप्त की। जांच में वाहन स्वामी का पता मस्तुरी क्षेत्र का मिला। पूछताछ में सामने आया कि घटना वाहन स्वामी के साले द्वारा की गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com