NH-130 पर मौत का तांडव, स्कॉर्पियो ने तीन महिलाओं को रौंदा


अंबिकापुर (मनीष कुमार)।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  शहर से लगे नेशनल हाईवे-130 पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पार कर रहीं तीन महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया और वाहन चालक की जमकर पिटाई कर दी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम जोगीबांध की तीन महिलाएं बाजार करने के लिए भिठ्ठीकला आई थीं। शाम करीब सात बजे वे घर लौटने के लिए सड़क पार कर रही थीं, तभी अंबिकापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को भीड़ से छुड़ाकर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

घटना के विरोध में ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और घंटों की मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने तीनों मृत महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

भीड़ में वारदात, चाकू से हमला कर फरार हुए आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर । 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान भीड़ में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। तोरवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल को शहर में हनुमान जयंती के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान चांटीडीह सरकंडा निवासी सन्नी श्रीवास अपने साथी सूरज साहू के साथ तोरवा क्षेत्र स्थित पेंडलवार अस्पताल के पास रैली देख रहे थे। तभी दयालबंद कोतवाली निवासी प्रियांशु बोले अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा।

बताया गया कि साइड हटने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और मुख्य आरोपी प्रियांशु बोले ने अपने पास रखे धारदार चाकू से सूरज साहू के पेट में वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूरज साहू को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद तोरवा थाना में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। वारदात के बाद आरोपी फरार होकर छिपते फिर रहे थे। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रेस कर 5 अप्रैल को कोतवाली क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रियांशु बोले (25 वर्ष), ओम बोले (23 वर्ष) निवासी दयालबंद तथा के. राघवेन्द्र राव उर्फ सुरेश (26 वर्ष) निवासी तोरवा शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चाकू जब्त किया है।

अंबिकापुर कांड: बाबा बोले दोषियों को फांसी हो, PM का सच बेहद डरावना

अंबिकापुर / रायपुर।   TODAY छत्तीसगढ़  /  अंबिकापुर में एक युवती के साथ दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने बयान में सिंहदेव ने कहा कि “अंबिकापुर आज रो रहा है और हर संवेदनशील व्यक्ति शर्मसार है।” उन्होंने इस घटना को दिल्ली के निर्भया कांड जैसी दिल दहला देने वाली बताया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब बेटियां सड़कों पर भी सुरक्षित नहीं हैं। सिंहदेव ने आरोप लगाया कि यह घटना सरकार की नाकामी को उजागर करती है। जब शहर का व्यस्त इलाका सुरक्षित नहीं है, तो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा है और वे खुलेआम ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि इस मामले को न तो भुलाया जाएगा और न ही दबाया जाएगा। सिंहदेव ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत राय में ऐसे जघन्य अपराधों के लिए मृत्युदंड का प्रावधान लागू करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी अब बर्दाश्त नहीं होगी और यह हर बेटी की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। 

पूरी खबर पढ़ें - महामाया द्वार के पास मिला महिला का गला रेतकर हत्या, चेहरा कुचला—दरिंदगी की आशंका 

आपको बता दें कि अंबिकापुर में महिला की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने वारदात की भयावहता उजागर कर दी है। मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विभाग के डॉक्टरों ने जांच में बताया कि आरोपी ने दुष्कर्म के बाद महिला की बेहद निर्ममता से हत्या की। फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. संटू बाग के अनुसार, आरोपी ने महिला के सिर पर पत्थर से इतना जोरदार वार किया कि सिर की तीन हड्डियां टूट गईं। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महिला के सीने की सभी 12 पसलियां भी टूट चुकी थीं।

डॉक्टरों ने बताया कि गंभीर चोटों के कारण महिला के फेफड़े और हृदय को भी भारी नुकसान पहुंचा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि हत्या बेहद क्रूर और योजनाबद्ध तरीके से की गई। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द से जल्द सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी व मामले के जल्द खुलासे की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गई है। 



साइबर अपराध के खिलाफ ‘ख़ौफ़’ का आगाज़, शॉर्ट फिल्म का भव्य विमोचन

रायगढ़/जशपुर ।  TODAY छत्तीसगढ़  /  डिजिटल दौर में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता की दिशा में जशपुर से एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। जशपुर के विशिष्ट कम्युनिटी हॉल सभागार में साइबर फ्रॉड पर आधारित शॉर्ट फिल्म “ख़ौफ़ - द डिजिटल वॉर” का भव्य विमोचन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कौशल्या देवी साय तथा प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और फिल्म से जुड़े कलाकार उपस्थित रहे। सभागार में फिल्म के प्रदर्शन के बाद दर्शकों ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए खूब प्रशंसा की। फिल्म की कहानी, निर्देशन और अभिनय की जिम्मेदारी शशि मोहन सिंह ने निभाई है। उन्होंने फिल्म में एक पीड़ित शिक्षक की भूमिका अदा की है। उनके पुत्र ऋभु समर्थ सिंह भी प्रमुख भूमिका में नजर आए। इससे पूर्व भी वे सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्मों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दे चुके हैं।

फिल्म में साइबर ठगों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए हथकंडों को प्रभावी तरीके से दर्शाया गया है। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और डिजिटल जालसाजी जैसे अपराधों से बचाव का संदेश फिल्म के माध्यम से दिया गया है। फिल्म में प्रवीण अग्रवाल, कुंदन सिंह, वंशिका गुप्ता, लायरा जैन और राम प्रकाश पाण्डेय सहित स्थानीय कलाकारों ने अभिनय किया है। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। 

इस अवसर पर मुख्य अतिथि कौशल्या देवी साय ने कहा कि इस तरह की फिल्में समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म लोगों को साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने के लिए प्रेरित करेगी।

वहीं डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि फिल्म के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि आमजन साइबर अपराधों के प्रति सजग हो सकें। राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के प्रमुख डॉ. आनंद पाण्डेय ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में आरएसएस के वरिष्ठ नेता राजीव नंदे, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह सहित कई अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में शशि मोहन सिंह ने कहा कि फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस फिल्म को देखें और साझा करें, ताकि साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का उद्देश्य सफल हो सके। 






© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com