अंबिकापुर। TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रिंग रोड स्थित महामाया प्रवेश द्वार के पास एक अधेड़ महिला का खून से लथपथ शव मिला। घटना की बर्बरता ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में रिंग रोड किनारे स्थित एक मटन शॉप के पास स्थानीय लोगों ने सुबह शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी और पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा भी बुरी तरह कुचल दिया गया था। प्रारंभिक जांच में महिला के साथ दरिंदगी की आशंका जताई जा रही है। जांच के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मिले तथ्यों ने मामले को और गंभीर बना दिया है, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही राजेश अग्रवाल, अमोलक सिंह सहित फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में महिला को देर रात एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ जाते हुए देखा गया है, जिसके आधार पर संदिग्ध की तलाश तेज कर दी गई है। स्थानीय पार्षद सतीष बारी ने बताया कि वार्डवासियों से सूचना मिलने के बाद पुलिस को जानकारी दी गई। उन्होंने भी घटना को बेहद गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शहर में इस घटना के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है।
