Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

अंबिकापुर कांड: बाबा बोले दोषियों को फांसी हो, PM का सच बेहद डरावना

महिला के सीने की सभी 12 पसलियां भी टूट चुकी थीं, सिर की तीन हड्डियां टूट गईं और प्राइवेट पार्ट में ...

अंबिकापुर / रायपुर।   TODAY छत्तीसगढ़  /  अंबिकापुर में एक युवती के साथ दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने बयान में सिंहदेव ने कहा कि “अंबिकापुर आज रो रहा है और हर संवेदनशील व्यक्ति शर्मसार है।” उन्होंने इस घटना को दिल्ली के निर्भया कांड जैसी दिल दहला देने वाली बताया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब बेटियां सड़कों पर भी सुरक्षित नहीं हैं। सिंहदेव ने आरोप लगाया कि यह घटना सरकार की नाकामी को उजागर करती है। जब शहर का व्यस्त इलाका सुरक्षित नहीं है, तो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा है और वे खुलेआम ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि इस मामले को न तो भुलाया जाएगा और न ही दबाया जाएगा। सिंहदेव ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत राय में ऐसे जघन्य अपराधों के लिए मृत्युदंड का प्रावधान लागू करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी अब बर्दाश्त नहीं होगी और यह हर बेटी की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। 

पूरी खबर पढ़ें - महामाया द्वार के पास मिला महिला का गला रेतकर हत्या, चेहरा कुचला—दरिंदगी की आशंका 

आपको बता दें कि अंबिकापुर में महिला की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने वारदात की भयावहता उजागर कर दी है। मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विभाग के डॉक्टरों ने जांच में बताया कि आरोपी ने दुष्कर्म के बाद महिला की बेहद निर्ममता से हत्या की। फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. संटू बाग के अनुसार, आरोपी ने महिला के सिर पर पत्थर से इतना जोरदार वार किया कि सिर की तीन हड्डियां टूट गईं। हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महिला के सीने की सभी 12 पसलियां भी टूट चुकी थीं।

डॉक्टरों ने बताया कि गंभीर चोटों के कारण महिला के फेफड़े और हृदय को भी भारी नुकसान पहुंचा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि हत्या बेहद क्रूर और योजनाबद्ध तरीके से की गई। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द से जल्द सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी व मामले के जल्द खुलासे की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गई है। 



© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा