रोमांचक यात्रा: 6000 किमी की नॉनस्टॉप उड़ान, भारत लौट रहे अमूर फाल्कन


नई दिल्ली।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  पिछले एक दशक से नॉर्थईस्ट इंडिया में अमूर फाल्कन के कंजर्वेशन के लिए लगातार कोशिशों में, नवंबर 2025 में मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में उनके स्टॉपओवर साइट (चिउलुआन) में तीन अमूर फाल्कन को सैटेलाइट-टैग किया गया।

दक्षिणी अफ्रीका में अपने नॉन-ब्रीडिंग ग्राउंड में चार महीने से ज़्यादा समय बिताने के बाद, इनमें से दो अमूर फाल्कन अपने स्प्रिंग माइग्रेशन पर हैं, और इंडिया के रास्ते फ़ार-ईस्ट एशिया में अपने ब्रीडिंग रीजन में लौट रहे हैं। सोमालिया से नॉर्थईस्ट इंडिया आते समय वे छह दिनों में लगभग 6000 km की नॉनस्टॉप उड़ान भरते हैं। 

‘अलंग’ नाम की एक टैग की हुई युवा मादा अमूर अभी इंडिया के वेस्ट कोस्ट की ओर जा रही है, और अरब सागर पार कर रही है, जिसकी शुरुआत कल सुबह सोमालिया से हुई थी। अभी, अच्छी हवा चलने पर, समुद्र पार करना तीन दिन का नॉनस्टॉप होगा। @MoEFCC से फंडिंग सपोर्ट के साथ, यह प्रोजेक्ट इंडिया में कम्युनिटी के नेतृत्व वाले कंजर्वेशन के सफल प्रयासों में से एक रहा है।

इसके साथ ही, इस शानदार छोटे रैप्टर के बारे में दिलचस्प जानकारी मिली है, जो एक लंबी दूरी का ट्रांस-हेमिस्फेरिक माइग्रेंट है, जो मैनेजमेंट और कंज़र्वेशन की कोशिशों को गाइड कर रहा है। 


तोरवा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार


बिलासपुर।
   TODAY छत्तीसगढ़  / तोरवा थाना क्षेत्र में फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान कुल 8 गैर-जमानती और 2 जमानती वारंट तामील किए गए।

पुलिस के अनुसार, न्यायालय से जमानत मिलने के बाद कई आरोपी लगातार पेशी में अनुपस्थित चल रहे थे और फरार थे। इसके चलते न्यायालय द्वारा उनके खिलाफ गैर-जमानती और जमानती वारंट जारी किए गए थे।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 16 मई 2026 को थाना तोरवा पुलिस ने विशेष छापेमार अभियान चलाकर फरार वारंटियों की तलाश की। अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार वारंटियों में - 

अमर ध्रुव – देवरीडीह, तोरवा

रोहित ध्रुव – देवरीखुर्द, तोरवा

देवेन्द्र सिंह ठाकुर – देवरीखुर्द, तोरवा

छोटू उर्फ रितेश रजक – तोरवा बस्ती

अल्हा रजक – तोरवा

प्रकाश दास – अटल आवास देवरीखुर्द

अमर रजक – तोरवा

विशाल ध्रुव – तोरवा बस्ती

संजय केवंट – दोमुहानी, तोरवा

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां गैर-जमानती वारंटियों के खिलाफ जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया। थाना तोरवा पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अड्डाबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

शादी का दबाव बना मौत की वजह, प्रेमी ने अधिवक्ता की कर दी हत्या


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  / जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के कटेल टिकरा जंगल में मिले महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि मृतिका अधिवक्ता आराधना सिदार की हत्या उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल ने की थी।

पुलिस के अनुसार, 12 मई को कटेल टिकरा जंगल में नग्न अवस्था में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले कपड़े, सैंडल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतिका की पहचान आराधना सिदार निवासी केकराझरिया, लैलूंगा के रूप में हुई। 

CCTV फुटेज और बाइक नंबर से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका के कॉल डिटेल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक बाइक पर मृतिका को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका आराधना सिदार के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था। वह पहले से विवाहित था और मृतिका लगातार शादी का दबाव बना रही थी। इसी कारण उसने हत्या की साजिश रची। 

लॉज में रुके, फिर जंगल ले जाकर की हत्या

आरोपी ने पुलिस को बताया कि 10 मई को वह आराधना को बाइक से लेकर पहले सक्ती और दमाऊधारा मंदिर गया। शाम को दोनों सक्ती के एक लॉज में रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया। अगले दिन आरोपी आराधना को सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया और वहां पहले गला दबाकर बेहोश किया, फिर पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने घटनास्थल से साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और शक से बचने के लिए मृतिका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों को महिला की आवाज निकालकर कॉल भी करता रहा।

मोबाइल और कपड़े बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना पूंजीपथरा पुलिस, साइबर टीम और एफएसएल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

“स्वास्थ्य मंत्री को बुलाऊंगा…” सिम्स अस्पताल में गार्ड को रामसिंह की धमकी और हंगामा


बिलासपुर।
   TODAY छत्तीसगढ़  /  सिम्स अस्पताल में गार्ड के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो अस्पताल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में हिंदूवादी नेता रामसिंह ठाकुर और उनके साथियों पर गार्ड से मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है।

जानकारी के अनुसार, रामसिंह ठाकुर अपने साथियों के साथ किसी मरीज के परिजन से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान NICU में प्रवेश को लेकर सुरक्षा गार्ड से विवाद हो गया। आरोप है कि गार्ड ने अंदर जाने से रोका तो विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

घटना में गार्ड के गले की चेन और लॉकेट टूटने की भी बात सामने आई है। वायरल वीडियो में आरोपी पक्ष गार्ड से अभद्र भाषा में बात करते और धमकी देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह भी सुनाई दे रहा है कि “दो बाप के साथ आऊंगा… डीन और स्वास्थ्य मंत्री को बुलाऊंगा… सबका हिसाब-किताब कर देंगे।”

घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस वायरल वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com