Slider

दुबई से आईडी, रायपुर में नेटवर्क… ऐसे चलता था ऑनलाइन सट्टा

मध्य भारत के सबसे बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस का प्रहार

रायगढ़। 
  TODAY छत्तीसगढ़  /पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य भारत में सक्रिय बड़े सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गोवा में किराए के विला पर दबिश देकर छह बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड और सट्टा नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं। जांच में करोड़ों रुपये के हवाला लेनदेन और ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के संचालन के सुराग मिले हैं।

करन चौधरी से शुरू हुई जांच, ‘मन्नू नथानी’ गैंग तक पहुंची 

थाना कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026 और 218/2026 में आरोपी करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच का दायरा बढ़ाया। पूछताछ में खरसिया निवासी अमित मित्तल और रायपुर के बड़े सट्टा नेटवर्क से जुड़े इनपुट मिले। तकनीकी निगरानी के दौरान पुलिस को पता चला कि नेटवर्क रायपुर, सक्ती, नागपुर और गोवा तक फैला हुआ है। इसके बाद साइबर टीम गोवा पहुंची और कैंडोलिम बीच इलाके में किराए के विला पर छापा मारा।

ऐसे चलता था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी “अभिनंदन बुक/लाइन” के जरिए क्रिकेट मैच का भाव लेते थे और APK बेस्ड ऐप के माध्यम से नीचे एजेंटों और प्लेयर्स तक पहुंचाते थे। सट्टेबाज “प्रगति टीवी ऐप” और “स्टार लाइव” जैसे APK प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते थे, जिनमें लाइव मैच लगभग 7 सेकंड पहले दिखता था। इसी तकनीकी बढ़त का फायदा उठाकर करोड़ों का सट्टा संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा “All Panel Exchange”, “Taj 777” और “Diamond Exchange” जैसे बेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट जुआ खिलाया जा रहा था।

हवाला नेटवर्क से होता था पैसों का खेल

जांच में यह भी सामने आया कि सट्टे से अर्जित रकम हवाला चैनल के जरिए ट्रांसफर की जाती थी। आरोपियों के मोबाइल फोन से नोटों के सीरियल नंबर साझा कर रकम ट्रांसफर करने के सबूत मिले हैं। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क का लिंक दुबई से संचालित क्रिकेट बेटिंग आईडी और महादेव सट्टा नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है। फिलहाल रायगढ़ पुलिस हवाला चैनल, आर्थिक नेटवर्क और अन्य खाईवालों के लिंक खंगाल रही है।

रायपुर के बड़े सटोरिए भी गिरफ्त में

पुलिस ने इस मामले में खरसिया निवासी अमित मित्तल समेत रायपुर के कई बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी ऑनलाइन सट्टा और जुए के कई मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी

अमित मित्तल – खरसिया

मोहित सोमानी – समता कॉलोनी, रायपुर

प्रकाश वाधवानी – आजाद चौक, रायपुर

आकाश मोटवानी – मौदहापारा, रायपुर

राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू – तेलीबांधा, रायपुर

सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू – आजाद चौक, रायपुर

एसएसपी बोले- नेटवर्क को जड़ से खत्म करेंगे

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संगठित अपराध, ऑनलाइन सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ लगातार आक्रामक कार्रवाई कर रही है। तकनीक आधारित अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com