Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

पंजाब से बिलासपुर पहुंची हेरोइन, पांच आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /   पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर हेरोइन तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 97.63 ग्राम हेरोइन, कार, स्कूटी, मोबाइल फोन और नगदी रकम जब्त की है। 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह निवासी अमृतसर पंजाब शामिल हैं। वहीं खरीदार के रूप में शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि बाहरी राज्यों से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में हेरोइन सप्लाई की जा रही है।

इसी दौरान 12 मई को सूचना मिली कि तोरवा रेलवे स्टेशन के पास एक अल्टो कार में हेरोइन तस्कर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर तोरवा पुलिस और निरीक्षक नीलेश पांडेय की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार की जांच की। 

कार में सवार पांचों व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए और पूछताछ में गोलमोल जवाब देने लगे। तलाशी के दौरान बैग में रखी एक बोतल से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ हेरोइन बरामद हुआ। आरोपियों के पास इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ में पंजाब निवासी आरोपियों ने बताया कि वे बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिक्री के लिए हेरोइन लेकर आए थे। वहीं मुंगेली निवासी आरोपी खरीदार के रूप में मौके पर पहुंचे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 97.63 ग्राम हेरोइन, घटना में प्रयुक्त अल्टो कार, स्कूटी, पांच एंड्रॉयड मोबाइल और 57 हजार 800 रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 5 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा